कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजमाता जी के बाद इस ग्वालियर चंबल संभाग को इतना बड़ा दायित्व दिया है, मैं उनका हृदय की गहराइयों से आभार करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री BL संतोष, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने यह भी कहा कि इन सब का प्यार दुलार मुझे मिला है। मैं तो कंपाउंडर था और पिताजी कारीगरी करते थे और बाबा जूते बनाते थे। कभी वार्ड का पार्षद बनने का सपना नहीं देखा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में मुझे बहुत बड़ा आशीर्वाद दिया है। मैं उनकी आशाओं पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा, संगठन का विस्तार और संगठन के विस्तार के माध्यम से सत्ताओ को प्राप्त करना और सत्ता को प्राप्त करने के बाद जनता का कल्याण और सेवा करना यह हमारी पार्टी का सपना है और अंबेडकर जी का सपना है।

लाल सिंह आर्य ने आने वाले मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश और अनेक राज्यों के चुनाव को लेकर कहा कि मुझे लगता है कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए चुनाव एक इवेंट है और हमको उससे गुजरना ही पड़ता है। हम 22 राज्यों में सरकार में हैं और केंद्र में भी तीसरी बार सरकार में हैं। आने वाले भी जो चुनाव आएंगे चाहे वह मध्य प्रदेश हो उत्तर प्रदेश हो या गोवा हो चाहे गुजरात या उत्तराखंड हो भारतीय जनता पार्टी की फिर से सरकार बनेगी और अबकी बार जैसे बंगाल में उड़ीसा में सरकार बनी है, वैसे ही भारतीय जनता पार्टी की कमल पंजाब में भी ख़िलेगा।

राहुल गांधी के मनुस्मृति बयान पर कही ये बात

लगातार युवाओं के विरोध पर कहा कि मुझे लगता है कि भारत का जो युवा है उसका आइकॉन चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव है और इसलिए हमारा नौजवान हिंदुस्तान का जो राष्ट्र भक्त नौजवान है वह सब राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़ा है। मनुस्मृति वाले बयान पर कहा कि राहुल गांधी षड्यंत्रों का पिटारा है, कांग्रेस पूरी की पूरी विकास में विश्वास नहीं करती और राष्ट्र को ताकतवर बनाने में विश्वास नहीं करती है। कांग्रेस षड्यंत्रों में विश्वास करती है, लोगों को भड़काकर सत्ता प्राप्त करना यह कांग्रेस का लक्ष्य है। भारतीय जनता पार्टी का केवल एक ही लक्ष्य है राष्ट्र प्रथम उसमें रहने वाले जो आम आदमी हैं उनका जीवन कल्याण ऊपर हो।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m