कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में ससुराल की कथित प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता अपने परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंची और मदद की गुहार लगाई। पीड़िता ने पति और ससुराल वालों पर मारपीट, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कमरे में बंद रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता और उसके परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से भी मदद की गुहार लगाई है।

पीड़िता जेसमेन राजे के मुताबिक, उसकी शादी करीब दो साल पहले सत्यदेव जाटव से हुई थी। शादी के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों की मांग पर परिवार की ओर से कार भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि अब ससुराल वाले 5 लाख रुपए और बड़ी कार की मांग कर रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती है।

ये भी पढ़ें: झरने में नहाकर लौटे थे… 10 दिनों में एक-एक कर 4 मौतें… नहाने के बाद आखिर क्या हुआ?

इतना ही नहीं, उसके जेठ, जेठानी और देवर पर भी कमरे में बंद कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की बहन का आरोप है कि सास-ससुर भी उसे कमरे में बंद कर देते हैं और उसका मोबाइल फोन छीन लिया जाता है, ताकि वह किसी से अपनी परेशानी साझा न कर सके। पीड़िता के मुताबिक, उसने डबरा थाने में कई बार शिकायत कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि अब तक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंची और अधिकारियों के सामने अपनी पूरी आपबीती बताई। पीड़िता और उसके परिजनों ने मामले में कार्रवाई के साथ मुख्यमंत्री से भी न्याय और मदद की गुहार लगाई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए SDOP सौरभ कुमार ने पीड़िता का मेडिकल करवाने के बाद FIR की बात कही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m