परवेज खान, शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र से सामने आई एक बेहद दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के चार बेटों की महज 10 दिनों के भीतर बीमारी के चलते मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई और एक रिश्तेदार का बेटा शामिल है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य 16 अगस्त को गोरा टीला के पास एक झरने पर नहाने गए थे। इसके बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने लगी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक मौतों का कारण झरने के पानी को नहीं माना है। अधिकारियों का कहना है कि सैंपल और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के कारणों का खुलासा होगा

जानकारी के मुताबिक, फिजिकल थाने के सामने रहने वाले तनवीर अहमद के परिवार में अचानक बीमारी फैलने के बाद एक-एक कर चार बच्चों की तबीयत बिगड़ती चली गई। परिजनों के अनुसार सभी को बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत थी। इलाज के दौरान चारों बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सबसे पहले परिवार के 14 वर्षीय बेटे ताहिर की तबीयत बिगड़ी। इलाज के बावजूद उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: तंत्र के नाम पर भरोसा और ब्लैकमेलिंग का खेल? पंडित पर जजमान की पत्नी के शोषण का आरोप, कई रसूखदार परिवारों से संपर्क का दावा

इसके बाद 19 वर्षीय अयाज सहित परिवार के अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ती गई। एक के बाद एक चार मौतों से परिवार में मातम छा गया। एक ही परिवार में लगातार चार मौतों की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम परिवार के पास पहुंची और परिजनों समेत आसपास के लोगों के सैंपल लिए गए हैं। मृत बच्चों के इलाज और बीमारी के कारणों की भी जांच की जा रही है। एक ही परिवार में 10 दिन के भीतर चार मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट से ही साफ होगा कि आखिर बीमारी की वजह क्या थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m