हेमंत शर्मा, इंदौर। मंदिर में पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों का भरोसा जीतने वाले एक पंडित पर एक परिवार ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के पति ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से शिकायत कर आरोप लगाया है कि पंडित नीलेश कुष्मकर निवासी मल्हारगंज ने उसकी पत्नी को भविष्य बताने के बहाने अपने प्रभाव में लिया और बाद में कथित तौर पर ब्लैकमेल कर पैसे वसूले। शिकायत में पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बनाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
अब बड़े कारोबारी परिवारों तक पहुंच के दावे
इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता ने पंडित के संपर्कों को लेकर भी गंभीर दावे किए हैं। उसका आरोप है कि इंदौर के एक बड़े व्यापारी की बहू को भी पंडित कथित तौर पर अपने झांसे में ले चुका है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पंडित शहर के कई बड़े और रसूखदार परिवारों के संपर्क में है और इसी संपर्क का फायदा उठाकर वह परिवारों की निजी जानकारियां हासिल करता था। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही इनकी वास्तविकता स्पष्ट होगी।
भविष्य बताने से शुरू होता था कथित खेल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पंडित पहले तंत्र-मंत्र और भविष्य बताने के नाम पर महिलाओं से बातचीत करता था। आरोप है कि धीरे-धीरे वह उनकी निजी जिंदगी और पुराने संबंधों से जुड़ी बातें निकालता और फिर उन्हीं बातों को आधार बनाकर दबाव बनाने लगता था। पीड़िता के पति का आरोप है कि उसकी पत्नी के साथ भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई गई।
‘पति छोड़ देगा, तलाक हो जाएगा’ कहकर डराने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंडित ने पीड़िता को कथित तौर पर यह कहकर डराया कि उसका पति उसे छोड़ देगा और दोनों का तलाक हो जाएगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव का फायदा उठाकर पंडित ने उसकी पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल किया।
साले की पत्नी को भी झांसे में लेने का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि पंडित ने उसके साले और साले की पत्नी को भी कथित तौर पर अपने प्रभाव में रखा हुआ था। साले की पत्नी के साथ भी गलत काम करने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कॉल रिकॉर्डिंग और दूसरे सबूत होने का दावा
पीड़िता के पति का कहना है कि उसके पास कई कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य कथित साक्ष्य मौजूद हैं। उसने पुलिस से इनकी जांच कराने और पूरे मामले की तह तक जाने की मांग की है। अब बड़ा सवाल यह भी है कि यदि शिकायतकर्ता के दावे सही हैं तो क्या पंडित के संपर्क में रहने वाले दूसरे परिवारों और महिलाओं से भी पुलिस पूछताछ करेगी?
कमिश्नर से शिकायत, महिला थाने में लिए गए बयान
पीड़िता के पति ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से शिकायत की थी। इसके बाद आवेदन महिला थाने भेजा गया, जहां पीड़िता के बयान लिए गए हैं। फिलहाल FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं, उसके बयान भी लिए जाएंगे और इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच सिर्फ एक परिवार तक सीमित रहेगी या खुलेगा पूरा नेटवर्क?
मामला सिर्फ एक महिला के आरोपों तक सीमित नहीं है। शिकायतकर्ता द्वारा बड़े कारोबारी की बहू और कई बड़े परिवारों से पंडित के संपर्क में होने के दावे ने जांच का दायरा बढ़ाने की जरूरत जरूर पैदा कर दी है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या यह सिर्फ एक परिवार का विवाद है या तंत्र-मंत्र, भरोसे, निजी जानकारी और कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क भी सामने आएगा? फिलहाल आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन अगर शिकायतकर्ता के दावे साक्ष्यों से पुष्टि होती हैं तो यह मामला आस्था की आड़ में लोगों के भरोसे के कथित दुरुपयोग का गंभीर मामला बन सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



