कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुरानी रंजिश के चलते युवक की कार में तोड़फोड़ और कट्टे से फायरिंग करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले कार पर पत्थर और डंडों से हमला किया, फिर पीछा कर युवक पर फायरिंग की,गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर ले गई, जहां सीन रीक्रिएट कराया गया। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला।

READ MORE: 2 बच्चों की संदिग्ध मौत से हड़कंपः मलेरिया के लक्षण और प्लेटलेट्स कम होने का दावा, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची

दरअसल मामला गोला का मंदिर थाना क्षेत्र का है। 13 अक्टूबर को राहुल पाल अपने दोस्त आदित्य के साथ कार से प्रेस्टीज कॉलेज से सुरैयापुरा स्थित घर जा रहा था। इसी दौरान पिंटो पार्क स्थित विशाल मेगा मार्ट के आगे विजय पाल अपने साथियों के साथ कार लेकर पहुंचा और राहुल की कार के आगे अपनी गाड़ी लगा दी।आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने राहुल की कार पर पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। राहुल वहां से कार लेकर डीडी नगर की तरफ भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया। डीडी नगर चौराहे पर विजय पाल ने कथित तौर पर कट्टे से फायर कर दिया। भीड़ जुटने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए, घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

READ MORE: चुनरी यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, पोटाश भरते समय विस्फोट से दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल

पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग के आरोपी बड़ागांव पुल के नीचे मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया,गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय पाल, वीरेंद्र धानुक, अंकित सैंगर और लोकेन्द्र बघेल के रूप में हुई है,पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चारों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया,गिरफ्तारी के बाद पुलिस चारों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और घटनाक्रम को समझने के लिए सीन रीक्रिएट कराया। इसके साथ ही आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुरानी रंजिश में सड़क पर कार में तोड़फोड़ और फायरिंग की इस वारदात के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m