कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे एक कंपनी इंजीनियर का करीब 10 लाख रुपये नकद से भरा सूटकेस अचानक गायब हो गया। बड़ी रकम होने के कारण यात्री के होश उड़ गए। मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना ग्वालियर की टीआई दीपशिखा तोमर ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की और महज 2 से 3 घंटे के अंदर सूटकेस को सुरक्षित बरामद कर लिया।
जिंदल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत राजीव खन्ना, जो वर्तमान में उड़ीसा में पदस्थ हैं। दिल्ली से ग्वालियर के लिए गतिमान एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहे थे। उनके पास एक सूटकेस था, जिसमें करीब 10 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद जब वे ट्रेन से नीचे उतरे तो उन्हें पता चला कि उनका सूटकेस गायब है। सूटकेस में भारी रकम होने के कारण राजीव खन्ना घबरा गए और तत्काल जीआरपी थाना ग्वालियर पहुंचकर टीआई दीपशिखा तोमर को इसकी सूचना दी।
ये भी पढ़ें: ‘सेवा की शर्तों पर नहीं लगाई जा सकती PIL’, हाईकोर्ट से 1.80 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को झटका, जानें पूरा मामला
शिकायत मिलते ही जीआरपी पुलिस हरकत में आ गई। टीआई दीपशिखा तोमर के निर्देशन में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। साथ ही ट्रेन स्टाफ और संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ की गई। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि सूटकेस ट्रेन में ही छूट गया था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर ट्रेन की लोकेशन ट्रेस की। लगातार कोर्डिनेशन और प्रयासों के बाद ग्वालियर और दतिया के बीच ट्रेन में ही सूटकेस सुरक्षित मिल गया।
पुलिस ने सूटकेस को अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान और सत्यापन कराया, जिसके बाद में उसे मालिक राजीव खन्ना को सौंप दिया। 10 लाख रुपये से भरा सूटकेस सुरक्षित वापस मिलने के बाद राजीव खन्ना ने राहत की सांस ली। उन्होंने जीआरपी पुलिस और रेलवे अधिकारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।

