कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में ठगों ने पार्सल में 2 से 3 लाख रुपये होने का लालच देकर एक महिला के सोने-चांदी के जेवर ठग लिए। तीन बदमाशों ने महिला को काले कपड़े में सिली कागजों की गड्डी थमाई और जेवर लेकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला दही मंडी इलाके का है। जहां बारिशी बेगम (59) अपने बेटे के घर जा रही थीं। तभी रास्ते में एक युवक ने पार्सल पहुंचाने के बहाने उन्हें रोका। इसके बाद दो महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। तीनों ने पार्सल में लाखों रुपये होने का झांसा देकर महिला को दानाओली स्थित जैन मंदिर के पास ले गए। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने सोने का पेंडल, 10 सोने के मोतियों वाली माला, सोने के टॉप्स और चांदी की छह चूड़ियां उन्हें दे दीं।
ये भी पढ़ें: भांडेर में दंपति से लूट का पर्दाफाश: पल्सर सवार बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम, तीन गिरफ्तार और एक की तलाश जारी
इसके बदले में आरोपियों ने काले कपड़े में बंधी गड्डी थमा दी। घर पहुंचकर महिला ने गड्डी खोली तो उसमें रुपये की जगह कोरे कागज मिले। एडिशनल एसपी जयराज कुबेर के मुताबिक, शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

