कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह एक युवक की जान पर भारी पड़ सकती थी। चलती तेज रफ्तार डंपर के पीछे युवक, स्पाइडर मैन की तरह लटककर जानलेवा स्टंट करता नजर आया। इस खौफनाक स्टंट का 14 सेकेंड का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की पहचान और डंपर की पड़ताल शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार डंपर सड़क पर दौड़ रहा है और एक युवक उसके पिछले हिस्से में लगे लोहे के एंगल को पकड़कर पहिए के ठीक ऊपर लटका हुआ है। युवक चलती गाड़ी पर अपना संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। डंपर के पीछे चल रही कार में सवार लोगों ने इस पूरे खतरनाक स्टंट को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। महज 14 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचते ही वायरल हो गया, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ सेकेंड की वाहवाही और वायरल होने की चाह में किया गया यह स्टंट किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकता था। हाथ या पैर का संतुलन बिगड़ते ही युवक सीधे डंपर के पहिए के नीचे आ सकता था।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में ‘नर्सिंग का जंतर-मंतर’: 3 साल का कोर्स 6 साल में भी अधूरा, आंदोलनरत छात्रों ने परीक्षा और रिजल्ट जारी करने समेत रखीं 4 मांगें

इतना ही नहीं, इस तरह की हरकत से पीछे चल रहे वाहन भी हादसे की चपेट में आ सकते थे। वायरल वीडियो अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच चुका है। पुलिस ने युवक की पहचान और डंपर के नंबर की पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालना है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों की जिंदगी को भी खतरे में डालना है। पुलिस युवक की पहचान के प्रयास कर रही है और पहचान होने के बाद उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और वायरल होने की होड़ में अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालना किसी भी सूरत में समझदारी नहीं है। एक वीडियो कुछ सेकेंड की सनसनी दे सकता है, लेकिन एक छोटी सी चूक जिंदगी भर का हादसा बन सकती है। यही वजह है कि जिम्मेदार अधिकारियों की सख्त कार्रवाई जरूरी है, लेकिन उससे भी जरूरी है कि युवा ऐसी जानलेवा स्टंटबाजी से खुद दूर रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m