संजय तिवारी, बलिया. हनुमानगंज ब्लॉक के हैबतपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शर्मिला सिंह ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र देकर शिकायत की है. उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने विद्यालय की जमीन पर बल्ली और पटरा रखकर कब्जा कर लिया है. विरोध करने पर वे झगड़े पर उतारू हो जाते हैं.

प्रिंसिपल के मुताबिक स्कूल की दीवार से सटकर शौचालय बना हुआ है, इसके बावजूद कुछ लोगों ने स्कूल परिसर की जमीन पर कब्जा कर रखा है. आरोप है कि धनजी नाम के व्यक्ति ने विद्यालय की जमीन पर शौचालय की टंकी का भी निर्माण कराया है. इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झोपड़ी हटवाते हुए जमीन को कब्जे से मुक्त कराया था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद दोबारा कब्जा कर लिया गया.

इसे भी पढ़ें : SIR को लेकर समाज में…सपा पर पंकज चौधरी का तीखा हमला, जानिए शिक्षक मतदाता सम्मेलन में ऐसा क्या कहा?

प्रिंसिपल ने बताया कि ग्राम प्रधान ने भी धनजी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. स्कूल परिसर में करकट डाल दिए जाने से बारिश का पानी अंदर तक पहुंच जाता है, जिससे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. वहीं, विद्यालय की खिड़कियां खोलने में भी असहजता महसूस होती है.

प्रिंसिपल ने बताया कि स्कूल की दीवार पुरानी हो चुकी है. जमीन पर कब्जे के कारण उसकी मरम्मत और रंगाई-पुताई कराने में भी दिक्कतें आ रही हैं. प्रधानाध्यापिका ने जिलाधिकारी से मामले में कार्रवाई कर विद्यालय की जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है. जिलाधिकारी ने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है.