अजय सैनी, भिवानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित तौर पर जगह को पवित्र करने के नाम पर किए गए कृत्य के विरोध में भिवानी में जन संघर्ष समिति ने कड़ा प्रदर्शन किया। समिति के सदस्यों ने अंबेडकर कॉलोनी में उत्तराखंड की धामी सरकार का पुतला फूंका और घटना की तीखी निंदा की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
घटना को बताया छुआछूत की कार्रवाई, समाज के लिए जताई चिंता
जन संघर्ष समिति के जिला संयोजक व माकपा नेता कामरेड ओम प्रकाश और दलित अधिकार मंच के जिला संयोजक सुखदेव पालवास ने इस घटना को सीधे तौर पर छुआछूत की कार्रवाई करार दिया। दोनों नेताओं ने कहा कि आजादी के 79 साल बाद भी समाज में इस तरह की घटनाओं का होना बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की।
दोषियों पर अनुसूचित जाति उत्पीड़न कानून (SC Act) के तहत केस दर्ज करने की मांग
प्रदर्शनकारी नेताओं ने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर अनुसूचित जाति उत्पीड़न कानून (एससी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठाई ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए।
भाजपा सरकारों पर साधा निशाना, संविधान का पालन कराने की अपील
समिति के नेताओं ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म, जाति, गाय, मंदिर और लव जिहाद जैसे मुद्दों के नाम पर समाज में वैमनस्य और विभाजन फैलाने वाली ताकतों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नेताओं ने मांग की कि देश में संविधान और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रहे मौजूद
अंबेडकर कॉलोनी में आयोजित इस पुतला दहन कार्यक्रम में भगत अतर सिंह, पूर्व बिजली कर्मचारी नेता स्योनन्द, दीपचंद निरीक्षक, सतबीर सिंह फोरमैन, दयानंद, राजेंद्र प्रजापत, कमल प्रजापत, मुन्नी देवी, भतेरी, अंगूरी, धनपति, कृष्णा, चंद्रावली, हंसकौर, चंद्रो, प्रिया, सुमन, बुज्जो और चमेली समेत अनेक कार्यकर्ता व स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


