Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में श्री राम सेना के अमित कुमार ने रविवार (30 अगस्त 2026) को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है। अमित कुमार ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
राहुल गांधी के बयान के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, यह पूरा विवाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण हवन’ से जुड़ा है। रैली के बाद श्री राम सेना के सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल पर शुद्धिकरण हवन किया था। घटना को लेकर राहुल गांधी ने कार्रवाई की मांग करते हुए कहा था कि शुद्धिकरण करना SC/ST Act के तहत आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के खिलाफ जल्द FIR होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने शनिवार (29 अगस्त) को कहा था कि 10 अगस्त को शुद्धिकरण किया गया और 13 अगस्त को खरगे ने संसद में इसे अपना अपमान बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस ने FIR दर्ज होने से किया इनकार
हालांकि, हल्द्वानी जिला पुलिस के अनुसार अभी तक राहुल गांधी के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस को अमित कुमार की ओर से शिकायत मिली है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
‘मैं स्वयं दलित समाज से आता हूं’: विनोद आर्य
श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के सदस्य विनोद आर्य ने शुद्धिकरण हवन का बचाव किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दलित समाज से आते हैं और सनातन परंपरा के अनुयायी होने के नाते धार्मिक स्थल की स्वच्छता सुनिश्चित करना उनका अधिकार और कर्तव्य है। आर्य के मुताबिक, इस दौरान दलित समुदाय के अन्य लोग भी उनके साथ मौजूद थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ अनुचित दबाव बनाया जा रहा है और गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। आर्य ने कहा कि इसी वजह से राहुल गांधी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


