हमीरपुर. लालपुर थाना क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज का स्लैब शुक्रवार को गिर गया. हादसे में 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है. ये मौत मलबे में दबने से हुई है. अभी कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है. रेस्क्यू में अब तक 3 मजदूरों को निकाला गया है. इसे लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.
अखिलेश यादव एक्स पर आरोप लगाया कि ‘ये बहुत दुखदायी समाचार है कि उप्र के हमीरपुर में एक निर्माणाधीन पुल के गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई और अन्य घायल भी हैं. राहत-बचाव कार्य तेज किया जाए और मृतकों का ससम्मान अंतिम संस्कार हो व परिजनों को मुआवज़ा दिया जाए.’
इसे भी पढ़ें : गंगा नदी में स्नान करने गए मेरठ के दो लोग तेज बहाव में बहे, रेस्क्यू जारी
अखिलेश ने आगे लिखा कि ‘ये एक गंभीर बात है कि भाजपा के समय में हो रहा हर निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है. हर काम में 50 प्रतिशत से भी ज्यादा की भाजपाई कमीशनखोरी, इसकी मूल वजह है. कभी पुल गिरता है, कभी पानी की टंकी, तो कभी स्टेशन की दीवार और कभी इनके बनाए हुए भवनों की छतों से पानी टपकता है. जो पुल हवा से टूट जा रहे हैं, जब उन पर ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा, ये कल्पना ही डर पैदा करती है. हम अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं से हर संभव मदद करने की अपील करते हैं.’

