ऋषिकेश. गंगा में स्नान के दौरान मेरठ के एक कार शोरूम में कार्यरत महिला और पुरुष कर्मचारी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान शुरू किया गया.
जानकारी के मुताबिक मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत 6 कर्मचारी गुरुवार को ऋषिकेश घूमने आए थे. घूमते हुए सभी लोग थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के सिंगटाली पुल के पास पहुंचे. सभी गंगा नदी में उतरे. स्नान के दौरान 30 वर्षीय ऋतु पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ और 42 वर्षीय नरेश उपाध्याय निवासी जंगेठी, थाना कंकरखेड़ा मेरठ तेज बहाव में बह गए. साथियों ने मदद मांगी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया.
इसे भी पढ़ें : मिशन 2027 : नितिन नबीन ने ली मंत्री परिषद की बैठक, बूथ प्रबंधन, विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास को लेकर हुई चर्चा
वहीं घटना को लेकर सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. मेरठ के युवकों के डूबने की घटना पर रेस्क्यू जारी है. योगी ने भी अधिकारियों को तेजी से रेस्क्यू करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने उत्तराखंड सरकार से समन्वय बनाकर बचाव करने को कहा है. वहीं सीएम ने अधिकारियों को कहा है कि वे प्रभावित परिजनों से लगातार संवाद करें.

