सहारनपुर. सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने शनिवार को फेसबुक लाइव आकर अपने रिश्तेदारों शादान मसूद और शायान मसूद पर जमकर निशाना साधा. लाइव में हमजा भावुक नजर आए और उन्होंने परिवार के अंदर चल रहे विवाद को सार्वजनिक कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन के साथ मारपीट, गाली-गलौज और घर से बाहर निकालने जैसी ज्यादतियां की गईं, जिन्हें अब वह बर्दाश्त नहीं करेंगे.
इसे भी पढ़ें- वृंदावन बालिका गृह में 14 साल की किशोरी की हत्या, सहेलियों ने बाथरूम में डुबोया; ‘घर भेजने’ के लिए रची साजिश
पिता अस्पताल में, रिश्तेदार राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त
हमजा नोमान ने बताया कि उनके पिता पिछले सात दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. ऑपरेशन थिएटर के बाहर पूरा परिवार परेशान है, लेकिन इसी दौरान उनके रिश्तेदार राजनीतिक बयानबाजी कर परिवार को और परेशान करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई विरोधी खेमे के लोगों ने भी फोन कर हालचाल पूछा, लेकिन सगे रिश्तेदार ही पिता के खिलाफ गतिविधियों में लगे हुए हैं. हमजा ने कहा, “दुश्मन भी फोन कर लेता है, लेकिन मेरे सगे ही खिलाफ हो गए.”
बहन के साथ पांच साल की ज्यादतियां, रिकॉर्डिंग का दावा
हमजा ने आरोप लगाया कि वह पिछले करीब पांच साल से बहुत कुछ खामोशी से सहन कर रहे थे. पिता और बहन के सम्मान की वजह से चुप रहे. उन्होंने दावा किया कि उनकी बहन के साथ मारपीट की गई, गालियां दी गईं और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया. उन्होंने कहा, “आपने मेरी बहन के साथ जो ज्यादतियां की हैं, उनकी एक-एक रिकॉर्डिंग हमारे पास है.” हमजा के अनुसार, दहेज की तरह उनकी बहन को राजनीति और टिकट की वजह से प्रताड़ित किया गया, जिससे उसकी जिंदगी के पांच साल बर्बाद हो गए.
बच्चा हमारा है, खुद पालेंगे; किसी के पैसे की जरूरत नहीं
अपनी बहन के एक वर्षीय बच्चे को लेकर हमजा ने साफ कहा कि वह उनका और परिवार का बच्चा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे के लिए आज तक एक डायपर का पैसा तक नहीं दिया गया. उन्होंने जोर देकर कहा, “हम अपनी बहन और उसके बच्चे को इज्जत के साथ खुद पालेंगे. हमें किसी के पैसे या सपोर्ट की जरूरत नहीं है.” हमजा ने कहा कि बहन अकेली नहीं है और वह भाई के रूप में हमेशा उसके साथ खड़े रहेंगे. बेटियां और बहनें किसी एक परिवार की नहीं, समाज की जिम्मेदारी होती हैं.
रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की चेतावनी, साजिश का आरोप
हमजा नोमान ने दावा किया कि उनके पास घर के अंदर की बातचीत और कथित बैठकों की रिकॉर्डिंग मौजूद है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने परिवार और इमरान मसूद के खिलाफ साजिश रची है. कुछ बातचीत में इमरान मसूद और उन्हें रास्ते से हटाने की बातें कही गईं. उन्होंने कहा कि अब तक रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे, लेकिन लगातार बयानबाजी और परिवार को परेशान किए जाने के कारण लाइव आना पड़ा. जरूरत पड़ी तो वीडियो और रिकॉर्डिंग लोगों के सामने लाएंगे.
राजनीति के लिए बहन की जिंदगी खराब की, जनता के हाथ में फैसला
हमजा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को टिकट और राजनीतिक विवादों के कारण प्रताड़ित किया गया. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि महिला सशक्तीकरण की बात करने वाली पार्टी में ऐसे आरोपों के बावजूद संबंधित व्यक्ति को शामिल किया गया. उन्होंने कहा कि इमरान मसूद की राजनीतिक राय चाहे जो हो, लेकिन बेटी और परिवार के साथ ज्यादती को राजनीति से ऊपर उठकर देखना चाहिए. लाइव के अंत में भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि इंसाफ अल्लाह करेगा और सहारनपुर की जनता के हाथ में फैसला है. वह मीडिया में मामला नहीं लाना चाहते थे, लेकिन मजबूर होकर सार्वजनिक हुए.
इसे भी पढ़ें- ‘अखिलेश यादव फिजूल की बातें बोलते हैं, पिछड़ों के आरक्षण पर चुप’ ओम प्रकाश राजभर का जोरदार हमला
बता दें कि कि बीते 21 अगस्त को इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद ने समाजवादी पार्टी ज्वाइन किया है. सपा ज्वाइन करने के बाद शायान मसूद ने इमरान मसूद को लेकर कहा कि मैं इमरान मसूद की विचारधारा से इत्तेफाक नहीं रखता. उत्तर प्रदेश में अगर आप बीजेपी को हराना चाह रहे तो आपको बीजेपी के खिलाफ बोलना पड़ेगा. वो(इमरान) अखिलेश यादव पर अटैक कर रहे हैं. अखिलेश यादव ही बीजेपी को हराएंगे और अगर आप उन्हीं पर हमला कर रहे हैं तो इसका मतलब आप सीधे-सीधे बीजेपी को फायदा पहुंचाना चाह रहे हैं. मेरे और उनके वैचारिक मतभेद हैं इसलिए उनको छोड़कर अखिलेश यादव का हाथ थामा है.

