मथुरा. वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित राजकीय बालिका गृह में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, दो 15 वर्षीय किशोरियों ने अपनी सहेली को बाथरूम में पानी में डुबोकर मार डाला. दोनों का मकसद बालिका गृह से बाहर निकलना था. उन्हें कथित तौर पर लगा कि किसी लड़की की मौत होने के बाद संरक्षण गृह बंद हो सकता है और वहां रहने वाली सभी लड़कियों को घर भेज दिया जाएगा.
वारदात के बाद दोनों किशोरियों ने कथित तौर पर रोने और हंगामा करने का नाटक किया. उन्होंने अन्य लड़कियों को भी अपने साथ कर लिया और मृत किशोरी को न्याय दिलाने के नाम पर नारेबाजी शुरू कर दी. पुलिस के पहुंचने पर CCTV कैमरों को तोड़ने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है.
इसे भी पढ़ें- आरक्षण पर मायावती का बड़ा हमला, बोलीं- आर्थिक आधार की मांग देशहित में नहीं
CCTV ने खोला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद CCTV फुटेज खंगाली गई. फुटेज में तीन किशोरियां बाथरूम में जाती दिखाई दीं, लेकिन करीब 45 मिनट बाद केवल दो ही बाहर निकलीं. शक के आधार पर पुलिस ने दोनों किशोरियों से पूछताछ की और उन्हें CCTV फुटेज दिखाई गई. पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात कबूल कर ली. शनिवार को हुए पोस्टमॉर्टम में भी किशोरी की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई.
‘बालिका गृह बंद हो जाएगा, सब घर चले जाएंगे’
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपी किशोरियों ने बताया कि उनका संरक्षण गृह में मन नहीं लग रहा था और वे वहां से बाहर निकलना चाहती थीं. इसी दौरान कथित तौर पर उन्हें किसी ने बताया कि अगर बालिका गृह में किसी की मौत हो जाए तो इसे बंद किया जा सकता है और सभी लड़कियों को घर भेज दिया जाएगा.
इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई. जब उनकी 14 वर्षीय सहेली बाथरूम गई तो दोनों भी उसके पीछे पहुंचीं और उसे पानी में डुबो दिया. कुछ देर बाद दूसरी लड़की बाथरूम में पहुंची, तब घटना का पता चला.
हत्या के बाद प्रदर्शन, CCTV तोड़ने की कोशिश
पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी किशोरियों ने कथित तौर पर हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने संरक्षण गृह की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां रहना मुश्किल है और उनकी सहेली को न्याय मिलना चाहिए. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने दूसरी लड़कियों को भी अपने साथ कर लिया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले. CCTV कैमरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, ताकि घटना से जुड़े सबूत प्रभावित हो सकें.
मृत किशोरी पढ़ाई में थी होनहार
राजकीय बालिका गृह में करीब 140 लड़कियां रहती हैं. मृत किशोरी के पिता की उसके जन्म के कुछ समय बाद मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां भी मानसिक रूप से बीमार थीं और बाद में उनकी मृत्यु हो गई. इसके बाद किशोरी को राजकीय बालिका संरक्षण गृह लाया गया था. प्रशासन के मुताबिक, किशोरी पढ़ाई में अच्छी थी और पढ़ने की काफी रुचि रखती थी. उसके प्रदर्शन और व्यवहार को देखते हुए उसे स्कूल जाने की अनुमति दी गई थी. वह संदीपनी मुनि स्कूल में पढ़ रही थी और पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी.
इसे भी पढ़ेंं- ‘मेरी रगों में मुख्तार का लहू…’ अब्बास अंसारी का बड़ा ऐलान, बोले- आखिरी बूंद तक साथ दूंगा
बालिका गृह की अधीक्षिका प्रगति खरे की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है. मामले में दोनों 15 वर्षीय किशोरियों के अलावा कथित साजिश में शामिल तीन अन्य किशोरियों को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

