हांसी. हरियाणा के हांसी में CIA-1 पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो युवकों को अवैध देसी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने सिकंदर उर्फ खान को राधिका फैक्ट्री के पास से पकड़ा। तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि वह अपनी मां की हत्या की नीयत से हथियार लेकर आया था। पुलिस ने उसे वारदात से पहले ही पकड़ लिया। दूसरी कार्रवाई में उमरा रोड से आर्यन नाम के युवक को एक अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया।

राधिका फैक्ट्री के पास घूम रहा था सिकंदर

CIA-1 प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि विकास नगर निवासी सिकंदर उर्फ खान राधिका फैक्ट्री के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके लोअर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, सिकंदर हथियार का कोई वैध लाइसेंस भी पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में मां को लेकर सामने आई बात

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सिकंदर ने बताया कि वह अपनी मां की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर आया था। पुलिस की कार्रवाई के कारण वह वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ा गया।

इस मामले में थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद कट्टे और कारतूस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

उमरा रोड से दूसरा युवक गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में CIA-1 की टीम ने सूचना के आधार पर आर्यन को उमरा रोड पर दोनों नहरों के बीच वाली पटड़ी से गिरफ्तार किया। वह चार कुतुब गेट, हांसी का निवासी है।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आर्यन भी हथियार का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने कट्टे को कब्जे में लेकर थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई जारी

CIA-1 प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस का प्रयास है कि ऐसे लोगों को किसी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ा जाए।

दोनों मामलों में बरामद हथियारों को नियमानुसार कब्जे में लिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m