हांसी। हांसी में 19 साल के युवक ने अपनी मां की हत्या का प्लान बनाया। उसने इसके लिए अवैध हथियार भी खरीदा। लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने हत्या की वजह भी बताई। पुलिस के अनुसार, उसकी मां अपने पति और परिवार को छोड़कर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर बेटा मां से बेहद नाराज था। इसी नाराजगी में उसने उसकी हत्या करने की ठान ली और हथियार खरीद लिया।

पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार अवैध हथियार और 22 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मिलकर आपराधिक गैंग बनाने की तैयारी भी कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि कार्रवाई सीआईए-1 की टीम ने सब-इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में की। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, विकास नगर निवासी सिकंदर (19) और अलीगढ़ निवासी आशीष (24) को पकड़ा गया। आशीष फिलहाल विकास नगर में रह रहा था। पुलिस उसे हथियार सप्लायर बता रही है।

दोनों के कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में सिकंदर ने बताया कि उसने अपनी मां की हत्या के इरादे से आशीष से हथियार लिया था।

पुलिस के मुताबिक, हथियार लेने के बाद सिकंदर अन्य युवकों को साथ लेकर आपराधिक गैंग बनाने की तैयारी में भी था। पुलिस ने इसी गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।

अब पुलिस आशीष से पूछताछ कर रही है। जांच की जा रही है कि उसे अवैध हथियार कहां से मिलते थे। उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इसी कार्रवाई में कुतुब गेट निवासी आर्यन (19) को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आर्यन भी सिकंदर के साथ मिलकर गैंग बनाने की तैयारी में था। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला सामने नहीं आया है।

वहीं, मंडी आदमपुर निवासी विजय (34) को भी गिरफ्तार किया गया। वह फिलहाल हांसी की रैगर बस्ती में रह रहा था। उसके पास से 32 बोर की अवैध पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस मिले।

पुलिस के अनुसार, विजय के खिलाफ आदमपुर में हत्या के प्रयास, डकैती और लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं।

चारों आरोपियों से कुल चार अवैध हथियार और 22 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। बाकी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस अब आरोपियों की पुरानी आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गैंग बनाने की योजना में इनके साथ और कौन लोग जुड़े थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m