हरियाणा के हांसी स्थित यादव धर्मशाला में सामाजिक कुरीतियों को मिटाने के लिए एक विशेष बैठक हुई, जिसमें राज्यसभा सांसद संजय यादव ने भाग लिया।

नवीन शर्मा,हांसी। स्थित यादव धर्मशाला में आज समाज सुधार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में बिहार से राज्यसभा सांसद संजय यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। हांसी पहुंचने पर यादव सभा हांसी के प्रधान ओमप्रकाश यादव और शशिकांत यादव ने सांसद का भव्य स्वागत किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को नई दिशा देना और आपसी एकजुटता को मजबूत करना था, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सामाजिक कुरीतियों पर हुआ गहरा मंथन

बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद संजय यादव ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान समाज में फैली बुराइयों और कुरीतियों पर विस्तार से मंथन किया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि उपेक्षित और गरीब वर्ग पूरी एकजुटता के साथ कार्य करे, तो समाज की कई बड़ी समस्याओं को जड़ से खत्म किया जा सकता है। सांसद ने सामाजिक एकता को समाज, राज्य और देश की प्रगति का असली आधार बताया और लोगों से मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

देश और बिहार की राजनीति पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान ‘कोकरूच जनता पार्टी’ को लेकर भी चर्चा हुई, जिसे सोशल मीडिया पर हंसी-मजाक के रूप में शुरू किया गया एक सांकेतिक ऑनलाइन वर्चुअल मूवमेंट बताया गया। इसके अलावा बिहार की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पद से राज्यसभा की ओर जाना नीतीश कुमार के राजनीतिक अवसान का संकेत है। जनता इसे विश्वासघात के रूप में देख रही है क्योंकि 2025-30 तक नेतृत्व का संदेश अधूरा छोड़ दिया गया। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल के दामों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की गई।