Harbhajan Singh–Sreesanth Slap Controversy: भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित विवादों में से एक ‘थप्पड़ कांड’ एक बार फिर सुर्खियों में है। 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के दौरान हुआ यह विवाद अब 18 साल बाद फिर से चर्चा का विषय बन गया है। पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया है।

क्या था 2008 का ‘थप्पड़ कांड’?

यह घटना 25 अप्रैल 2008 को मोहाली में मुंबई इंडियंस और किंग्स 11 पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच खेले गए मुकाबले के बाद हुई थी। मैच के बाद हैंडशेक के दौरान हरभजन सिंह ने गुस्से में श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। इस घटना के बाद श्रीसंत मैदान पर रोते हुए नजर आए थे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए थे।

मामले को शांत कराने के लिए इरफान पठान और महेला जयवर्धने ने बीच-बचाव किया था। घटना के बाद हरभजन सिंह पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पूरे सीजन के शेष 8 मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया था, साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया गया था।

ललित मोदी ने पिछले साल शेयर किया था VIDEO

2008 के ‘थप्पड़ कांड’ के दौरान यह घटना कैमरे में कैद तो हुई थी, लेकिन BCCI और ब्रॉडकास्टर्स ने इसका वीडियो कभी सार्वजनिक नहीं किया। घटना के समय लाइव प्रसारण में विज्ञापन चला दिया गया था और ब्रेक के बाद एस श्रीसंत रोते हुए नजर आए थे। बीते साल अगस्त में आईपीएल के फाउंडर और पूर्व चेयरपर्सन ललित मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइकल क्लार्क के साथ पॉडकास्ट किया। इस शो में ललित मोदी ने इस घटना का वीडियो साझा किया था।क्लिप में हरभजन सिंह को बैकहैंड से श्रीसंत को थप्पड़ मारते हुए देखा गया। ललित मोदी के मुताबिक, यह फुटेज टीवी कैमरों से नहीं बल्कि सिक्योरिटी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था।

हरभजन ने जताया था अफसोस

समय के साथ हरभजन सिंह कई बार इस घटना पर पछतावा जता चुके हैं। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के साथ एक इंटरव्यू में इसे अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती बताया था। हरभजन ने स्वीकार किया था कि यदि उन्हें मौका मिले तो वह इस घटना को अपनी जिंदगी से हटाना चाहेंगे। उन्होंने कहा था कि वह इस गलती के लिए सैकड़ों बार माफी मांग चुके हैं।

उन्होंने एक भावुक घटना का भी जिक्र किया, जब श्रीसंत की बेटी ने उनसे बात करने से इनकार कर दिया था। इस पर हरभजन ने कहा कि वह पल उनके लिए बेहद दुखद था और आज भी उन्हें अपनी गलती का बोझ महसूस होता है।

‘विज्ञापन से कमाई’ का आरोप

हालिया घटनाक्रम में श्रीसंत ने दावा किया है कि हरभजन सिंह ने ‘थप्पड़ कांड’ से जुड़े एक विज्ञापन के जरिए 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की कमाई की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरभजन ने उनसे उस विज्ञापन को सोशल मीडिया पर प्रमोट करने के लिए कहा था।

श्रीसंत ने स्पष्ट शब्दों में कहा, मेरे माता-पिता ने मुझे माफ करना सिखाया है लेकिन कभी भूलना नहीं। अगर आप भूल जाते हैं, तो सामने वाला वही गलती दोहराता है। मुझे उससे कोई शिकायत नहीं है, न ही मुझे उसकी जरूरत है।

सोशल मीडिया पर किया ब्लॉक, रिश्ते खत्म

श्रीसंत ने आगे कहा कि मेरा उस इंसान से कोई रिश्ता नहीं है। मैं उसे भाई कहता था। लेकिन पिछले एक-दो महीने में उसने वह ऐड किया, और अब मैंने उसे इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है। श्रीसंत के अनुसार, हाल के महीनों में किए गए विज्ञापनों के बाद उनके मन में फिर से नाराजगी पैदा हुई है।

गणतंत्र दिवस के मौके पर जारी किया था विज्ञापन

गणतंत्र दिवस के मौके पर जनवरी 2026 में एक मार्केटिंग ऐप ने यह विज्ञापन जारी किया था। इस ऐड में हरभजन सिंह को ‘चांटा क्लास’ के टीचर के रूप में दिखाया गया है, जहां वह लोगों को समझाते नजर आते हैं कि खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान को थप्पड़ मारकर ठीक करने की पुरानी आदत छोड़कर ऐप के जरिए नए प्रोडक्ट खरीदने चाहिए। विज्ञापन में वह हल्के-फुल्के अंदाज में कहते हैं, “सही से थप्पड़ लगाओ, सब ठीक हो जाता है,”—यह डायलॉग 2008 में एस श्रीसंत के साथ हुए विवाद की याद दिलाता है।

‘सब दिखावा है’- श्रीसंत

श्रीसंत ने हरभजन के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके लिए यह सब ‘एक्ट’ या दिखावा है। उन्होंने कहा कि भगवान उसे और उसके परिवार को आशीर्वाद दे। कई इंटरव्यू में, अश्विन के साथ भी, उसने मेरी बेटी के बारे में बात की। लोग सोचेंगे, ‘ओह, वह कितना अच्छा इंसान है।’ वह एक अच्छा इंसान हो सकता है। लेकिन मेरे लिए, इंडिया के लिए खेलने के समय से लेकर अब तक, यह सब एक नाटक है।

क्रिकेट के इतिहास में दर्ज यह विवाद भले ही पुराना हो, लेकिन ताजा बयानों और घटनाओं ने इसे फिर से जीवित कर दिया है। हरभजन सिंह के माफी मांगने के बावजूद श्रीसंत का गुस्सा शांत नहीं हुआ है, जिससे साफ है कि यह मामला अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H