हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मल्लावां कस्बे में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपने दो छोटे बच्चों को साथ लेकर करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. इलाके को घेरकर रेस्क्यू की तैयारी शुरू की गई, जबकि टावर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

इसे भी पढ़ें- नौकरियों में रामपुर और सैफई का सिंडीकेट डकैती डालता था, लेकिन अब यहां आपकी सरकार है- योगी

पुलिस और रिश्तेदारों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा. उसने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी और उसके रिश्तेदार लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे हैं, जिसके कारण वह यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ. हालांकि, उसके आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

टावर पर चढ़ने से पहले छोड़ा नोट

बताया जा रहा है कि युवक टावर पर चढ़ने से पहले एक लिखित नोट छोड़ गया. नोट में उसने एक दरोगा, एक सिपाही, अपने साढ़ू और साढ़ू की पत्नी का नाम लिखते हुए कहा कि यदि उसके या उसके बच्चों के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे. पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

परिजन और पुलिस करते रहे समझाने की कोशिश

घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों ने भी लाउडस्पीकर के जरिए लगातार बातचीत कर युवक और बच्चों को सुरक्षित नीचे आने की अपील की. साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए.

इसे भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे सपा सांसद मुहिबुल्लाह नदवी को नहीं मिली एंट्री, 15 मिनट इंतजार के बाद लौटै वापस

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और नोट में लिखे गए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है. प्रशासन की प्राथमिकता युवक और दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारना रही.