सतीश सिंह, अमरोहा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश को देश में सबसे ज्यादा गन्ना उत्पादन, चीनी उत्पादन और एथेनॉल उत्पादन करने वाले राज्य के रूप में स्थापित किया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच पिछली सरकारों ने प्रदेश की 29 चीनी मिलों को बंद कर दिया था और 21 चीनी मिलों को औने-पौने दामों में बेच दिया था. यदि वही सरकारें होतीं तो अब तक उत्तर प्रदेश का पूरा चीनी उद्योग बंद हो चुका होता.
शनिवार को जनपद अमरोहा में 207 करोड़ से ज्यादा लागत की 43 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में 122 चीनी मिलों का संचालन हो रहा है. गन्ना किसानों को अब तक 3 लाख 23 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है. सरकार ने गन्ने का मूल्य 400 प्रति क्विंटल तक पहुंचाया है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई है.
इसे भी पढ़ें : 2027 से पहले UP में संगठन मजबूत करेगी JDU, गठबंधन पर बोले श्रवण कुमार- पहले खुद को तैयार करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में आस्था पर प्रहार होता था. कांवड़ यात्रा रोक दी जाती थी और जय श्रीराम का उद्घोष करने पर लोगों पर लाठी-डंडे चलाए जाते थे, जबकि सरकारें मौन रहती थीं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है. आज कांवड़ यात्रा और जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर कोई रोक नहीं है. सरकार आस्था का सम्मान करने के साथ-साथ विकास के लिए बड़ी-बड़ी परियोजनाओं को भी धरातल पर उतार रही है. उन्होंने कहा कि अमरोहा में शुरू की जा रही विकास परियोजनाएं क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, आर्थिक गतिविधियों को गति देंगी और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निकलने वाली भर्तियों में अमरोहा के नौजवान भी नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा पहले इन्हीं नौकरियों में रामपुर और सैफई का सिंडीकेट डकैती डालता था, लेकिन अब आपके हक पर कोई डकैती नहीं डाल सकता, क्योंकि यह आपकी सरकार है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं और आमजन के हितों की रक्षा करते हुए विकास और सुशासन के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है.

