सतीश सिंह, लखनऊ. जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री (ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग) और उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने शनिवार को लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के सम्मेलन में शिरकत की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार की दिशा में तेजी से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जदयू का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है.
श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई है, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव से पहले अधिक से अधिक लोगों को पार्टी में शामिल कराया जाएगा और प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी. उन्होंने बताया कि जदयू उत्तर प्रदेश में राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय सम्मेलनों का आयोजन करेगी. जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की अच्छी पकड़ है, वहां विशेष अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना पार्टी की पहली प्राथमिकता है.
इसे भी पढ़ें : ‘राम-कृष्ण मुस्लिम पैगंबर थे’, सपा के पूर्व सांसद एसटी हसन का बयान
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान खुद को मजबूत करने पर है. उन्होंने कहा “पहले हम खुद तैयार हो जाएं, उसके बाद गठबंधन के बारे में सोचेंगे. अभी हमारी पकड़ उतनी मजबूत नहीं है. जब हम एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में खड़े हो जाएंगे, तब गठबंधन के मुद्दे पर विचार किया जाएगा.” उन्होंने स्पष्ट किया कि जदयू उत्तर प्रदेश में अपने संगठन के विस्तार और जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. पार्टी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और नए लोगों को जोड़ने की रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है.

