बरेली में एक युवक ने युवती और उसके साथियों पर होटल में बुलाकर तमंचे के बल पर बंधक बनाने और 23 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बरेली. एक युवक ने युवती और उसके साथियों पर हनीट्रैप के जरिए होटल बुलाकर बंधक बनाने, तमंचा दिखाकर रुपये छीनने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शाहजहांपुर के सदर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद मोहिद ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उनके पिता का मकान फरीदपुर के मोहल्ला ऊंचा में है. वह करीब दो महीने पहले तक वहां किराने की दुकान चलाते थे.
वॉट्सएप पर हुई पहचान
मोहिद के अनुसार, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शिफा नाम की युवती से उनकी जान-पहचान हुई. आरोप है कि 17 अक्टूबर को शिफा ने वॉट्सएप पर उनसे दो हजार रुपये उधार मांगे और रेहान नाम के व्यक्ति के क्यूआर कोड पर रकम डलवा ली.
पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन शिफा ने उन्हें आलमगिरीगंज स्थित वसुंधरा होटल बुलाया. वह सुबह करीब 8:20 बजे होटल पहुंचे, लेकिन वहां शिफा नहीं मिली.
कमरे में बंधक बनाने का आरोप
मोहिद के मुताबिक, इसके बाद नन्नू, जीशान का भाई और एक अन्य युवक उन्हें होटल के कमरा नंबर 202 में ले गए. आरोप है कि नन्नू ने तमंचा दिखाकर उनका मोबाइल छीन लिया और कुर्ते की जेब में रखे 16 हजार रुपये निकाल लिए.
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की और वीडियो भी बनाया. इसके बाद शिफा के साथ हुई चैट वायरल कर बदनाम करने की धमकी देते हुए उनसे दो लाख रुपये की मांग की गई.
खातों में रकम भेजने की कोशिश
शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने अलग-अलग खातों में 50 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की, लेकिन ये लेनदेन सफल नहीं हो सके. इसके बाद पीड़ित को कई एटीएम और जनसेवा केंद्रों पर ले जाया गया.
मोहिद का आरोप है कि अंत में सिटी हार्डवेयर दुकान पर एक व्यक्ति के यूपीआई खाते में पांच हजार रुपये डलवाए गए. इससे पहले 16 हजार रुपये नकद और दो हजार रुपये उधार के रूप में दिए जाने सहित कुल 23 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है.
पीड़ित का कहना है कि आरोपित अब भी फोन पर धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और रकम नहीं देने पर चैट वायरल करने की चेतावनी दे रहे हैं. मोहिद ने शिफा, नन्नू, जीशान के भाई और एक अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

