विनोद सैनी, हिसार। प्रेस वार्ता में छात्र नेता और INSO के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरिकेश ढांडा ने अपने साथियों के साथ इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) से अलग होने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने KSO यानी क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन के पुनर्निर्माण के लिए आगे बढ़ने का ऐलान किया। इस दौरान INSO के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से INSO से अलग होकर KSO के पुनर्निर्माण और छात्र हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।

प्रेस वार्ता में जिला पार्षद सुनील माजरा, INSO हिसार जिला चेयरमैन रोहित बेरवाल, CRSU जींद के प्रधान आतिश कुंडू, भिवानी से कार्यकारिणी सदस्य प्रांशु कौशिक, MNS कॉलेज के प्रधान कुक्की, पॉलिटेक्निकल कॉलेज के प्रधान केशव पंडित और हिसार के DN कॉलेज से INSO कार्यकर्ता एवं सदस्य सक्षम पूनिया व पंकज मौजूद रहे। इसके अलावा बरवाला से साहिल बधावर तथा गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से INSO इकाई के सदस्य बिमल धामे, पंकज, राहुल, अनिरुद्ध धतरवाल और दीपक धांडा सहित INSO के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी प्रेस वार्ता में शामिल हुए।

INSO से अलग होने की बताई वजह

हरिकेश ढांडा ने कहा कि वे INSO से इस उद्देश्य से जुड़े थे कि छात्रों की आवाज को मजबूती मिले और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके। लेकिन संगठन में काम करने के दौरान उन्हें लगा कि वर्तमान परिस्थितियों में INSO उस विचारधारा और दिशा के अनुरूप काम नहीं कर रहा है, जिसके उद्देश्य से वे संगठन में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि इसी कारण सभी साथियों ने आपसी विचार-विमर्श के बाद INSO से अलग होने का निर्णय लिया।

सभी छात्र संगठनों को एक मंच पर लाने का ऐलान

प्रेस वार्ता में हरिकेश ढांडा ने आने वाले समय में हरियाणा के सभी छात्र संगठनों, छात्र नेताओं और छात्रों से संवाद स्थापित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी छात्र संगठनों के साथ मिलकर हरियाणा में एक संयुक्त छात्र मोर्चा तैयार किया जाएगा। यह मंच छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाएगा और उनके अधिकारों के लिए व्यापक स्तर पर आवाज बुलंद करेगा। हरिकेश ढांडा ने कहा कि संयुक्त मंच के माध्यम से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर एक मजबूत छात्र आंदोलन खड़ा करने की दिशा में काम किया जाएगा।

फीस और छात्र सुविधाओं के मुद्दे उठाने की बात

हरिकेश ढांडा ने कहा कि KSO के पुनर्निर्माण के माध्यम से छात्रों को एकजुट कर उनकी आवाज को मजबूत करना प्राथमिक उद्देश्य रहेगा। शिक्षा व्यवस्था में छात्रों से जुड़े मुद्दों, फीस, छात्र सुविधाओं और अन्य समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पद या संगठन से अधिक महत्वपूर्ण छात्र हित हैं। आने वाले समय में KSO के पुनर्निर्माण के साथ हरियाणा के छात्रों को एक मजबूत और व्यापक मंच देने का प्रयास किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m