दिल्ली में भाजपा ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए हर्ष मल्होत्रा (Harsh Malhotra) को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने हर्ष मल्होत्रा की नियुक्ति को मंजूरी दी। हर्ष मल्होत्रा वर्तमान में केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी कार्यरत हैं। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। BJP ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा में अर्चना गुप्ता, पंजाब में सरदार केवल सिंह ढ़िल्लो, त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद पार्टी नेतृत्व नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन में ऐसे चेहरे की तलाश में था जिसकी छवि निर्विवाद हो और जो सरकार तथा संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रख सके। पार्टी आलाकमान नहीं चाहता था कि दिल्ली में सरकार और संगठन के बीच किसी प्रकार का टकराव दिखाई दे। इसी रणनीति के तहत हर्ष मल्होत्रा के नाम पर सहमति बनी। अध्यक्ष पद की दौड़ में राजीव बब्बर और जेपी के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन संगठन और सरकार दोनों स्तर पर अनुभव होने के कारण हर्ष मल्होत्रा को प्राथमिकता मिली। सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक चुनावों के बाद भी बड़ी संख्या में स्थानीय नेता उनके समर्थन में थे। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री होने के कारण उनके नाम पर अंतिम फैसला भाजपा आलाकमान को ही लेना था।

निगम चुनाव में होगी परीक्षा

हर्ष मल्होत्रा पहले निगम पार्षद और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। ऐसे में स्थानीय निकाय प्रशासन और संगठनात्मक कामकाज का उनका अनुभव पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। अगले वर्ष दिल्ली में नगर निगम चुनाव प्रस्तावित हैं, जिन्हें भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है। दिल्ली में सरकार बनने के बाद अब पार्टी की कोशिश निगम चुनावों में भी मजबूत प्रदर्शन करने की होगी।

केंद्रीय टीम में जा सकते हैं वीरेंद्र सचदेवा

वीरेंद्र सचदेवा को लेकर पार्टी के भीतर यह चर्चा है कि उन्हें जल्द भाजपा की केंद्रीय टीम में जिम्मेदारी मिल सकती है। उनके कार्यकाल में BJP ने दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की और करीब 27 वर्षों बाद राजधानी की सत्ता में वापसी भी की। इसके अलावा नगर निगम में भी भाजपा ने अपनी स्थिति मजबूत करते हुए सरकार बना ली है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक स्तर पर मिली इन सफलताओं को देखते हुए वीरेंद्र सचदेवा को केंद्रीय नेतृत्व में नई भूमिका दी जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m