अम्बाला। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन ने प्रदेश के सभी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) थानों में सीसीटीवी कैमरे और संबंधित उपकरण लगाने के लिए 1.02 करोड़ रुपये (अनुमानित लागत 1.027 करोड़ रुपये) का टेंडर जारी किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों की प्रक्रिया पर नजर रखना, पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करना और भ्रष्टाचार के मामलों में पारदर्शिता लाना है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य को 4 महीने की समयावधि में पूरा करना होगा।
पंचकूला से लेकर गुरुग्राम तक 7 प्रमुख थानों में होगी निगरानी
यह आधुनिक निगरानी प्रणाली एसीबी के पंचकूला, अम्बाला, करनाल, रोहतक, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद स्थित थानों में स्थापित की जाएगी। इन थानों में लोग रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और सरकारी कामकाज में धांधली की शिकायतें लेकर आते हैं। कैमरे लगने से शिकायतकर्ता और पुलिस कर्मचारियों के बीच होने वाली हर बातचीत और गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा। शिकायत दर्ज करने में टालमटोल या किसी प्रकार के विवाद की स्थिति में यह फुटेज जांच के लिए पुख्ता साक्ष्य का काम करेगी।
बैकअप के लिए 84 हार्ड डिस्क और 105 एसडी कार्ड का इंतजाम
सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने के लिए टेंडर में 18 टेराबाइट क्षमता की 84 निगरानी हार्ड डिस्क और 256 जीबी क्षमता के 105 एसडी कार्ड शामिल किए गए हैं। नेटवर्किंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 2,800 मीटर कैट-6 और 350 मीटर कैट-6ए केबल बिछाई जाएगी। बिजली तारों की सुरक्षा के लिए 2,100 मीटर पीवीसी पाइप के साथ-साथ वितरण बोर्ड, एमसीबी और स्विच भी लगाए जाएंगे।
बिजली जाने पर भी 10 घंटे तक चालू रहेगा सिस्टम
थानों में बिजली सप्लाई बाधित होने की स्थिति में भी सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम बंद नहीं होगा। टेंडर के अनुसार, 5 केवीए या उससे अधिक क्षमता के यूपीएस के लिए 12 वोल्ट और 120 एएच क्षमता की 20 बैटरियों का प्रावधान किया गया है। यह बैकअप सिस्टम बिजली कटने पर भी लगातार 10 घंटे तक उपकरणों को चालू रखने में सक्षम होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

