कुरुक्षेत्र। सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास अडानी ग्रुप की मालगाड़ी में तकनीकी खराबी आने से उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद अप और डाउन दोनों रेल लाइनें बाधित हो गईं, जिससे रेल संचालन प्रभावित हुआ और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी कुरुक्षेत्र से अडानी रेक की ओर जा रही थी। यह गाड़ी प्लेटफॉर्म नंबर-5 से होकर निकली थी। इसी दौरान किलोमीटर संख्या 155/32 से 155/38 के बीच अचानक तकनीकी खराबी आने से तीन डिब्बे ट्रैक से नीचे उतर गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डिरेल हुए डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द बहाल करने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से लगभग 400 मीटर की दूरी पर है। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
रेलवे विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक को जल्द सामान्य कर रेल यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

