अंबाला। रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश के नाम पर 200 से अधिक लोगों से करीब 12 करोड़ रुपये ठगने का मामला सामने आया है। अंबाला शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ताओं में करीब 30-35 निवेशक अंबाला के बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता गणेश विहार, नसीरपुर निवासी रणधीर सिंह ने आरोप लगाया है कि कंपनी संचालकों ने शुरुआत में निवेशकों को कुछ रकम वापस कर उनका विश्वास कायम किया। इसके बाद जब बड़ी रकम जमा हो गई तो दिसंबर 2025 में भुगतान रोक दिया गया। आरोप है कि पुरानी कंपनी बंद कर नई योजना शुरू की गई और निवेशकों से दोबारा रुपये जमा करवाए गए।
इंटरनेट विज्ञापन देखकर कंपनी से जुड़ा रणधीर सिंह के मुताबिक, उसने इंटरनेट पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें दिए गए मोबाइल नंबर के जरिए कंपनी संचालक रिदमल सिंह से संपर्क हुआ। रिदमल ने अंबाला आकर कंपनी की योजना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद 28 दिसंबर 2023 को वह अपनी पत्नी महिमा कंवर और साली तेज कंवर के साथ अंबाला पहुंचा। यहां रणधीर सिंह और उसके परिचितों के साथ बैठक की गई।
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में कंपनी की ओर से निवेश की रकम वापस भी की जाती रही। निवेशकों को बताया जाता था कि उनके रुपये विदेशी मुद्रा की खरीद और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों में लगाए जा रहे हैं। दिसंबर 2025 में कंपनी की गतिविधियां बदल गईं और निवेशकों को उनकी मूल रकम के साथ मुनाफा लौटाना बंद कर दिया गया।
करीब दो करोड़ रुपये 25 खातों में निवेश करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने दिसंबर 2025 तक करीब 25 खातों में लगभग दो करोड़ रुपये निवेश किए। इसके अलावा उसने अपनी जान-पहचान और रिश्तेदारों के खाते भी खुलवाए और उनके माध्यम से करीब 10 करोड़ रुपये का निवेश करवाया।
आरोप है कि 6 जुलाई 2026 को नई योजना के जरिए भी रकम निकालने पर रोक लगा दी गई। निवेशक जब अपनी रकम वापस मांगने पहुंचे तो कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
जोधपुर जाकर हिसाब मांगने पर धमकी का आरोप
रकम निकालने की सुविधा बंद होने के बाद रणधीर सिंह अपने परिचितों के साथ रिदमल सिंह और उसकी पत्नी महिमा कंवर से मिलने जोधपुर
स्थित उनके मकान पर पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, वहां निवेश की रकम का हिसाब मांगने और रुपये वापस करने की बात कही गई।
आरोप है कि इस दौरान निवेशकों को पैसे लौटाने के बजाय जान से मारने की धमकी दी गई।
रणधीर सिंह के अनुसार, रिदमल सिंह ने उसे जोधपुर स्थित कंपनी कार्यालय में सोहन लाल और सत्ता राम से भी मिलवाया था। शिकायत में राजस्थान निवासी रिदमल सिंह, उसकी पत्नी महिमा कंवर, सोहन लाल और सत्ता राम को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस निवेश की रकम, कंपनी के खातों और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
- खून से सनी मिली अधेड़ की लाश: इलाके में फैली सनसनी, FSL और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर
- 10 लाख रुपये में जेब पर भारी नहीं पड़ेगी ये 5 गाड़ियां, सर्विसिंग और मेंटेनेंस का झंझट खत्म
- मुजफ्फरपुर में 27 से 31 अक्टूबर तक बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, दरभंगा मोड़ से संगम घाट तक रहेगी विशेष निगरानी
- प्राकृतिक धरोहर ‘बैलेंसिंग रॉक’ पर मंडराया खतराः अतिक्रमण के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका, ASI, टूरिज्म MP, सांस्कृतिक विभाग, कलेक्टर, को बनाया पार्टी
- छत्तीसगढ़ के जंगल में मिली दुर्लभ मकड़ी ‘Mangora baii’, चीन के बाद भारत में पहली खोज

