Haryana Assembly Monsoon Session : कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ की मुश्किलें बढ़ गईं। विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले को सदन में विशेषाधिकार हनन से जोड़ते हुए प्रस्ताव रखा गया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने यह प्रस्ताव सदन में पेश किया।
मंत्री गंगवा ने कहा कि वह पिछले करीब दो वर्षों से विधानसभा की कार्यवाही देख रहे हैं और इस दौरान अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष तथा विपक्ष, दोनों को अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय दिया है। उनके अनुसार, कई मौकों पर विपक्ष को सत्तापक्ष की तुलना में अधिक समय भी दिया गया है।
गंगवा ने आरोप लगाया कि जस्सी पेटवाड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और उनके पद की निष्पक्षता को लेकर गंभीर टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच पर अध्यक्ष के प्रति पक्षपात और पूर्वाग्रह जैसे आरोप लगाए गए तथा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
मंत्री ने इसे विधानसभा अध्यक्ष के पद की गरिमा और प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाला मामला बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण सदन की मर्यादा और विशेषाधिकार से जुड़ा विषय है। इसी आधार पर उन्होंने मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह किया।
प्रस्ताव पर सदन में 15 से अधिक सदस्य समर्थन में खड़े हुए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का निर्णय लिया।
इंदुराज नरवाल के खिलाफ भी विशेषाधिकार प्रस्ताव
इसी दौरान कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल के खिलाफ भी सदन में विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया गया। भाजपा विधायक लक्ष्मण यादव ने यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि 27 अगस्त को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान इंदुराज नरवाल ने रतिया विधायक सरदार जरनैल सिंह के साथ अभद्र व्यवहार किया।
आरोप के मुताबिक, रतिया विधायक सदन में 1984 के सिख दंगों के दोषियों को सजा दिलाने की मांग से संबंधित पोस्टर लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान इंदुराज नरवाल ने कथित तौर पर उनसे पोस्टर छीन लिया और धक्का-मुक्की की।
मामला उठाए जाने के बाद इंदुराज नरवाल सदन में अपना पक्ष रखने के लिए खड़े हुए, लेकिन उस समय सदन में शोरगुल और हंगामे के कारण उनकी बात स्पष्ट रूप से नहीं सुनी जा सकी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


