हरियाणा के भिवानी जिले के गांव पुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मेधावी छात्राओं को साइकिलें वितरित करेंगे।
चंडीगढ़। प्रदेश में प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से सामाजिक संगठन ‘सर्व कल्याण मंच’ ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल सोमवार को भिवानी जिले के गांव पुर में आयोजित एक भव्य राज्य स्तरीय समारोह में इन प्रतिभाशाली बेटियों को साइकिलें वितरित कर उनका हौसला बढ़ाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को प्रोत्साहन
सर्व कल्याण मंच के अध्यक्ष नवीन कौशिक ने बताया कि 25 मई को बवानीखेड़ा ब्लॉक के सभी गांवों के सरकारी स्कूलों की टॉप तीन-तीन होनहार बेटियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है, ताकि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। संस्था द्वारा इसी तर्ज पर राज्य के अन्य ब्लॉकों में भी निरंतर ऐसे कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर आयोजन किए जा रहे हैं।
कम्युनिटी सेंटर का होगा उद्घाटन
नवीन कौशिक के अनुसार, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की भी यही सोच है कि युवाओं और प्रतिभाओं का सम्मान करने से ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है। इस समारोह के दौरान हरियाणा कला एवं साहित्य विभाग की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनमें राज्य की पारंपरिक लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर नवनिर्मित कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन भी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा किया जाएगा।
सामाजिक सरोकारों में आगे संस्था
सर्व कल्याण मंच केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि समाज के अन्य कल्याणकारी कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। संस्था द्वारा भयंकर गर्मी के मौसम में मूक पक्षियों के लिए पूरे राज्य में दाने-पानी का उचित प्रबंध किया जा रहा है। इसके साथ ही, युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने और उन्हें खेलों के प्रति आकर्षित करने के लिए ग्रामीण स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज की स्थापना की जा सके।

