चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान हरियाणा में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी के विस्तार तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. अर्चना गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी का जनाधार और व्यापक होगा।
अमित शाह ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
वहीं, डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और पार्टी के जनसंपर्क अभियानों की जानकारी साझा की। दोनों नेताओं के बीच आगामी कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन और आशीर्वाद संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगी।

