गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाकर जोरदार नारेबाजी की। मुख्यमंत्री स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक खत्म करने के बाद गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में ‘जेन-एच’ युवा उद्यमियों के चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन राव के नेतृत्व में 15 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अचानक जेब से काले कपड़े निकालकर मुख्यमंत्री के काफिले को दिखाए। काफिले के साथ चल रही पुलिस गाड़ियों में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।

रिजल्ट में देरी और इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी पर घेरा

काले झंडे दिखाने के बाद कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन राव ने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के फर्स्ट ईयर के छात्रों का रिजल्ट अभी तक जारी नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी में इन्फ्रास्ट्रक्चर के नाम पर सरकार ने शून्य सुविधाएं दी हैं। वर्धन राव ने कहा कि बीजेपी ने मुख्यमंत्री को युवाओं से संवाद का टास्क दिया है, लेकिन यूनिवर्सिटी तक पहुंचने के लिए स्थानीय और ग्रामीण छात्रों को बस या ट्रांसपोर्टेशन की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने कहा था कि बहरों को सुनाने के लिए धमाके की जरूरत होती है, इसलिए छात्रों की गूंज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया।

शहर में अवैध अतिक्रमण और तोड़फोड़ का मुद्दा भी उठाया

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री के लगातार गुरुग्राम दौरों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हफ्ते में तीन दिन गुरुग्राम आते हैं, लेकिन शहर की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुग्राम में अवैध अतिक्रमण हटाने के नाम पर तानाशाही और गुंडागर्दी की व्यवस्था चल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे गुरुग्राम विश्वविद्यालय के बदतर हालातों के साथ-साथ शहर में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई पर भी ध्यान दें और इन समस्याओं का तुरंत समाधान कराएं।

ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में सुनीं 17 शिकायतें

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी देर रात ही गुरुग्राम पहुंच गए थे, जहां उन्होंने बाढड़ा के विधायक उमेद सिंह पातुवास की बेटी के सगाई समारोह में शिरकत की थी। इसके बाद सुबह उन्होंने सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में ग्रीवेंस कमेटी (जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति) की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में जिले भर से आए लोगों की कुल 17 समस्याएं और परिवाद रखे गए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने सुनकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।

युवा उद्यमियों के साथ संवाद और ‘युवा उद्यमी यात्रा’ का शुभारंभ

ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सीधे गुरुग्राम यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां उन्होंने ‘जेन-एच’ युवा उद्यमियों के साथ सीधा संवाद किया। इस कार्यक्रम में सफल उद्यमियों और विशेषज्ञों ने युवाओं को स्टार्टअप की स्थापना, वित्तीय सहायता, बैंक लोन और तकनीकी सहयोग से जुड़ी बारीकियां सिखाईं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर ‘युवा उद्यमी यात्रा’ का शुभारंभ भी किया। ये बसें दिसंबर तक प्रदेश भर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों में जाकर छात्रों को स्टार्टअप्स के प्रति जागरूक करेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m