चंडीगढ़। हरियाणा में नए निवेश और उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं को तलाशने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 4 अक्टूबर से सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे। 6 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे में मुख्यमंत्री निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ मुलाकात कर हरियाणा में कारोबार और औद्योगिक साझेदारी के अवसरों पर चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे में सेमीकंडक्टर, अत्याधुनिक विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), विमानन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रहेगा। सरकार इन क्षेत्रों में सिंगापुर की कंपनियों के साथ संभावित निवेश और तकनीकी सहयोग के रास्ते तलाशेगी।

दौरे के दौरान होने वाली राउंड टेबल बैठकों में हरियाणा की औद्योगिक नीतियों, बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन को निवेशकों के सामने रखा जाएगा। मुख्यमंत्री कुछ कंपनियों और निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन मुलाकातों के जरिए विनिर्माण इकाइयों, रिसर्च एवं डेवलपमेंट सेंटर, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं तथा हाईटेक उद्योगों को हरियाणा में लाने की कोशिश होगी।

सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण जैसे भविष्य के उद्योगों के अलावा सरकार GCC क्षेत्र को भी महत्वपूर्ण मान रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से निकटता, तकनीकी प्रतिभा और विकसित शहरी ढांचा हरियाणा की संभावनाओं को निवेशकों के सामने रखने वाले प्रमुख बिंदु होंगे।

कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी सिंगापुर के साथ सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। आधुनिक फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, वैल्यू एडिशन और कृषि उत्पादों के निर्यात से जुड़े विषयों पर उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बातचीत होगी। वहीं लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और विमानन क्षेत्र में तकनीक तथा आधुनिक प्रबंधन के जरिए साझेदारी की संभावनाओं पर भी मंथन किया जाएगा।

6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सिख बिजनेसमैन और प्रवासी भारतीय उद्यमियों से भी मुलाकात करेंगे। उन्हें हरियाणा में निवेश और उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं की जानकारी देने के साथ प्रदेश के विकास में भागीदारी का आह्वान किया जाएगा।

सिंगापुर दौरे का एक अहम उद्देश्य अगले साल प्रस्तावित Happening Haryana के लिए निवेशकों को आमंत्रित करना भी रहेगा। मुख्यमंत्री उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, निवेश परियोजनाओं, स्टार्टअप, नवाचार और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं को रखेंगे।

मुख्यमंत्री के साथ उनके कार्यालय तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी सिंगापुर जाएगा। यह टीम निवेशकों के साथ बैठकों में हरियाणा की नीतियों, उपलब्ध सुविधाओं और संभावित परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा करेगी। सरकार को उम्मीद है कि इस दौरे से राज्य में नए औद्योगिक निवेश, रोजगार और तकनीक आधारित कारोबार के अवसरों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।