मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा से बाबैन मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल बाइक सवार दो युवकों को तड़पते देख अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने तुरंत अपने काफिले की एम्बुलेंस से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। सड़क पर दर्द से कराह रहे दो युवक मदद की आस में पड़े थे। राहगीर गुजर रहे थे, लेकिन उनकी नजरें किसी ऐसे हाथ को तलाश रही थीं जो उन्हें जिंदगी की ओर वापस ले जा सके। तभी सायरन बजाती गाड़ियों का काफिला वहां पहुंचा और कुछ ही पल में पूरा माहौल बदल गया।

दरअसल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे और लाडवा से बाबैन मार्ग पर एक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार दो युवकों पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने बिना एक पल गंवाए अपना काफिला रुकवाया और स्वयं घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

घायलों की हालत गंभीर देखकर मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में मौजूद एम्बुलेंस को तुरंत मौके पर भेजा और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। घायलों की पहचान अमित निवासी बीड़ कलवा और रजत निवासी सूरजगढ़ के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री की तत्परता के चलते दोनों युवकों को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी। इस दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का ऐसा उदाहरण है जिसने हर किसी का दिल छू लिया। मुख्यमंत्री के इस कदम की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।