हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह 30 जुलाई से 3 अगस्त तक राज्य के 5 जिलों का संगठनात्मक दौरा करेंगे। इस दौरान दोनों नेता 19 विधानसभा क्षेत्रों में बैठकों के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाएंगे।
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह 30 जुलाई से 3 अगस्त तक पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों का संगठनात्मक दौरा करेंगे।
दौरे के दौरान दोनों नेता जिला कांग्रेस कार्यकारिणी, सांसदों, विधायकों, पूर्व जन-प्रतिनिधियों, ब्लॉक अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं सेल के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने बताया कि संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान के पहले चरण में पांच जिलों का दौरा सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण के पूरा होने के साथ 3 अगस्त तक राज्य के कुल 10 जिलों का दौरा संपन्न हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस चरण के दौरान 19 विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ-साथ भविष्य के राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।


