चंडीगढ़: पंजाब के अमृतसर (देहाती) क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ देर रात दो गुटों के आपसी टकराव में चली गोली की चपेट में आने से एक कांग्रेस नेता बुरी तरह जख्मी हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, अजनाला के अधीन आते गांव जगदेव खुर्द के पास बीती रात दो पक्षों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी। इसी टकराव को शांत कराने और मामला रफा-दफा करने के उद्देश्य से हरियाणा के कांग्रेसी नेता गुरदीप सिंह सिरसा वहां पहुंचे थे।
झगड़ा सुलझाने के प्रयास के दौरान अचानक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और दूसरे पक्ष की तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान एक गोली सीधे गुरदीप सिंह सिरसा को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
घटना के फौरन बाद उन्हें स्थानीय अजनाला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने घायल नेता की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के बाद तुरंत अमृतसर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका उपचार किया जा रहा है।
कानूनी एक्शन में जुटी पुलिस
गोली चलने की सूचना मिलते ही अजनाला थाना प्रभारी अजयपाल सिंह पुलिस टुकड़ी के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाने शुरू कर दिए। मामले पर ग्रामीण पुलिस के एसपी रमनदीप सिंह ने बताया कि घटना को लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है और फरार हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



