चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की पहली बड़ी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पार्टी अब जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक संघर्ष करेगी।

चंडीगढ़। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की अपनी पहली बैठक लेकर संगठन को स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी अब जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक आंदोलन करेगी। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संयुक्त रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान संजय दत्त ने वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा की।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और अब जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों तक वह प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव लेंगे।

संजय दत्त ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस व्यापक अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की आवाज बनकर हर स्तर पर संघर्ष करेगी और लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय भूमिका दी जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी अब केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनहित के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरकर आंदोलन करेगी।
हरियाणा कांग्रेस की इस पहली रणनीतिक बैठक को संगठन में नई सक्रियता और आगामी राजनीतिक अभियानों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। अगले चार दिनों में संजय दत्त का जिला स्तर का दौरा पार्टी की भावी रणनीति तय करने में अहम माना जा रहा है।