चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के गंभीर आरोप और चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज सोमवार को पूरे प्रदेश में जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। राज्य के सभी जिलों में उपायुक्त (DC) कार्यालयों के बाहर होने वाले इस प्रदर्शन के लिए पार्टी आलाकमान ने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत तमाम दिग्गज नेता अपने-अपने तय जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाल रहे हैं।
रोहतक में पुतला फूंककर जताया विरोध, बारिश में भी जारी रही नारेबाजी
प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत रोहतक में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाया और उस पर डंडों व जूतों से प्रहार कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। रोहतक के प्रदर्शन की कमान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खुद संभाली। दूसरी ओर, करनाल में तेज बारिश के बावजूद महात्मा गांधी चौक पर बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपना विरोध जारी रखा।
पानीपत में धर्मपाल मलिक तो कैथल में सुरजेवाला ने संभाला मोर्चा
पानीपत जिले में पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। वहीं कैथल में राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी। इस दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से खिलवाड़ कर जनमत को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है, जिसके लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
पलवल और गुरुग्राम में राव नरेंद्र और संजय दत्त ने संभाली कमान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने पलवल और गुरुग्राम जिलों में आयोजित प्रदर्शनों में भाग लिया। पार्टी के इस प्रदेशव्यापी हल्लाबोल को देखते हुए सभी जिला मुख्यालयों और डीसी कार्यालय परिसरों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक चुनाव आयोग पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं करता और नैतिक जिम्मेदारी नहीं लेता, उनका यह संघर्ष जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


