रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा स्थित ESIC डिस्पेंसरी नंबर-2 में एक धमकी भरी चिट्ठी मिलने से सनसनी फैल गई है। दो पन्नों के इस पत्र में कर्मचारियों से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है और पैसे न देने पर डॉक्टर से लेकर चपरासी तक सभी को एक-एक कर जान से मारने की धमकी दी गई है।
खुद को ‘यमराज’ बताने वाले आरोपी ने कर्मचारियों को सोमवार शाम 5 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है और सहमति जताने के लिए मेन गेट पर ‘+’ (प्लस) का निशान बनाने को कहा है। इस खौफनाक पत्र के बाद से डिस्पेंसरी के 12 कर्मचारियों में दहशत का माहौल है और मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
लैब टेक्नीशियन की कार पर रखा मिला दो पन्नों का पत्र
धमकी भरे पत्र का खुलासा उस समय हुआ जब डिस्पेंसरी के लैब टेक्नीशियन गुरमीत सिंह अपनी कार के पास पहुंचे। कार पर रखे दो पन्नों के पत्र को पढ़ते ही उनके होश उड़ गए। पत्र पूरी तरह से धमकी भरे लहजे में लिखा गया था, जिससे पूरे स्टाफ में हड़कंप मच गया। बता दें कि इस डिस्पेंसरी में डॉक्टरों समेत कुल 12 कर्मचारी तैनात हैं, जहां आसपास के क्षेत्रों के लगभग 30 हजार कर्मचारियों के कार्ड बने हुए हैं। फिलहाल इस संबंध में एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
‘मैं यमराज हूं, पैसा दो वरना शुरू होगा काउंटडाउन’
चिट्ठी में आरोपी ने बेहद खौफनाक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा, “Esic डिस्पेंसरी नंबर-2 के सभी कर्मचारियों को सूचित किया जाता है। डॉक्टर से लेकर चपरासी तक सभी को जान से मार दिया जाएगा। मुझे लोग यमराज कहते हैं। जिसको मैंने पत्र लिख दिया, उसका मरना तय माना जाता है।” पत्र में आगे चेतावनी दी गई कि सभी कर्मचारी मिलकर 5 लाख रुपये इकट्ठा करें। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो एक कर्मचारी के मरने के बाद रंगदारी की रकम दोगुनी होकर 10 लाख कर दी जाएगी।
मेन गेट पर ‘+’ का निशान बनाने की शर्त और 5 बजे का अल्टीमेटम
आरोपी ने पैसे देने पर सहमति जताने के लिए एक अनोखा कोड बताया है। पत्र के मुताबिक, यदि कर्मचारी पैसे देने के लिए तैयार हों तो उन्हें डिस्पेंसरी के मेन गेट पर ‘+’ (प्लस) का निशान बनाना होगा। पत्र में सोमवार शाम 5 बजे तक का समय देते हुए लिखा गया, “तुम्हारा काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इस लेटर को तुम लोग मजाक में मत लेना, यह मौत का पैगाम है। मुझे पैसा चाहिए या फिर तुम्हारी एक-एक की मौत चाहिए।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


