कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: कांग्रेस पार्टी आज देशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने वाली है, पार्टी CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है, इसी कड़ी में, हरियाणा कांग्रेस ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राज्यव्यापी ‘हल्ला बोल’ अभियान का ऐलान किया है। पार्टी आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भारी विरोध प्रदर्शन करने जा रही है।

जिला स्तर पर प्रभारियों की तैनाती

इस देशव्यापी आंदोलन के तहत हरियाणा में प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस ने राज्य के सभी जिलों में बकायदा वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया है। ये जिला प्रभारी खुद धरातल पर उतरकर कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बिठा रहे हैं ताकि विरोध प्रदर्शन में कोई कसर न छूटे।

राष्ट्रीय स्तर पर घेराव की रणनीति

कांग्रेस आलाकमान का आरोप है कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। इसी राष्ट्रीय नीति के तहत पूरे देश में चुनाव आयोग के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर तीखे सवाल उठा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राज्य के सभी जिला कार्यालयों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कांग्रेस नेताओं का साफ कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बचाने के लिए उनका यह संघर्ष सड़कों से लेकर संसद तक जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m