हरियाणा में छात्रों पर कथित पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने सभी जिलों में प्रदर्शन का आह्वान किया है। वहीं गुरुग्राम में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया।
गुरुग्राम। हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। नई दिल्ली और चंडीगढ़ में हुए आंदोलनों के बाद पार्टी ने यह निर्णय लिया। हालांकि प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही गुरुग्राम पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव समेत कई प्रमुख नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया है।
छात्र हितों को लेकर डीसी कार्यालय तक मार्च
पार्टी आलाकमान की ओर से मंगलवार रात सभी जिला इकाइयों को दिशा-निर्देश भेजे गए थे। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पदाधिकारियों को पत्र लिखकर छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया था।
नेताओं की नजरबंदी पर पुलिस और कांग्रेस का रुख
प्रदर्शन की घोषणा के तुरंत बाद गुरुग्राम पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और वरिष्ठ नेताओं की रिहाइश के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस प्रशासन के अनुसार शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार देते हुए कहा कि नजरबंदी के बावजूद कार्यकर्ता तय कार्यक्रम के अनुसार एकत्रित होकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।


