हरियाणा कांग्रेस ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में पंचकूला में बीजेपी प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए छात्रों की मांगें पूरी करने की बात कही।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं के साथ किए गए व्यवहार के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पंचकूला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र और हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
संजय दत्त ने कहा कि यह तानाशाह सरकार लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है। भाजपा सरकार बाबा साहेब के संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों को नहीं छीन सकती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को जिस तरह घसीटते हुए बस की तरफ ले जाया गया, वह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। इस तरह की बर्बरता करने वाले गुनहगारों को माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा विपक्ष न्याय की लड़ाई में छात्रों के साथ मजबूती से खड़ा है।
राव नरेंद्र सिंह बोले- अमन चाहते हैं, मगर जुल्म के खिलाफ जंग जरूरी हुई तो जंग ही सही
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा-
“हम अमन चाहते हैं मगर ज़ुल्म के ख़िलाफ़, अगर जंग लाज़मी है तो फिर जंग ही सही।”
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने हक की आवाज उठाने वाले युवाओं पर किया गया बर्बर लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार शर्मनाक है। युवाओं की आवाज को लाठियों से दबाया नहीं जा सकता। लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि नागरिकों का अधिकार है।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “जब-जब मोदी-सैनी डरता है, पुलिस को आगे करता है” जैसे नारे भी लगाए।
कांग्रेस ने रखीं छात्रों की तीन मांगें
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों की आवाज सुनने और उनकी तीन मांगें पूरी करने की अपील की। इनमें-
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा लेने की मांग।
छात्रों पर कथित बर्बरता करने वालों की जवाबदेही तय करने की मांग।
छात्रों के साथ हुए अन्याय के लिए माफी मांगने की मांग।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी और पूरा विपक्ष छात्रों की इन मांगों के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
करनाल में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी उठी युवाओं की आवाज
इसके अलावा करनाल में युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के विधायक, पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिशों के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी और देश में बदलाव की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।


