हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने जिला अध्यक्षों के साथ वन-टू-वन बैठक कर संगठन की समीक्षा की। उन्होंने बूथ स्तर पर कमेटियों के गठन और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ एक-एक कर विस्तृत बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक और राजनीतिक हालात की समीक्षा करते हुए पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

संजय दत्त ने कहा कि बैठकों में प्रदेश के जमीनी हालात, भाजपा सरकार की नीतियों से बढ़ रहे जन-असंतोष तथा हरियाणा के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य का गहन आकलन किया गया। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति, जनसंपर्क कार्यक्रमों, पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ कांग्रेस समितियों के गठन तथा सोशल इंजीनियरिंग के जरिए समाज के हर वर्ग तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जवाबदेही बढ़ाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ कांग्रेस के संवाद और जुड़ाव को मजबूत करने के लिए जिला अध्यक्षों को आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत कांग्रेस संगठन की असली ताकत मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और जनता के साथ लगातार संवाद है।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस संगठन को हर जिले, हर ब्लॉक और हर बूथ तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकता, अनुशासन और समर्पित टीमवर्क के साथ काम किया जाएगा। उनका कहना था कि मजबूत संगठन ही हरियाणा में बेहतर राजनीतिक विकल्प तैयार करने की नींव बनेगा।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने का आह्वान भी किया।