कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित तौर पर AK-47 से फायरिंग दिल्ली में पेलेट गन, आंसू गैस और कील लगी लाठियों के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्र और बिहार की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। दोनों नेताओं ने छात्रों पर कथित बल प्रयोग को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का आरोप

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं, अनेक छात्रों के साथ बर्बरता की गई और उन्हें गिरफ्तार कर फर्जी संगीन मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के साथ ऐसा व्यवहार अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों की याद दिलाता है।

AK-47 चलाने वाली बिहार की भाजपा सरकार से इस्तीफे की मांग

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री से देश के युवाओं और छात्रों से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि छात्रों पर AK-47 चलाने वाली बिहार की भाजपा सरकार को इस्तीफा देना चाहिए।

कील लगी लाठियों से लाठीचार्ज

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज देश में ऐसा माहौल बना दिया गया है, जहां कहीं कील लगी लाठियों से लाठीचार्ज हो रहा है, कहीं आंसू गैस छोड़ी जा रही है, कहीं पेलेट गन और कहीं AK-47 का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता छात्रों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं और हरियाणा में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने छात्रों को “गद्दार” तक कह दिया।

भाजपा सरकार देशभर में छात्रों को प्रताड़ित कर रहे

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देशभर में छात्रों को प्रताड़ित करने की दिशा में बढ़ रही है। गृह मंत्रालय को इस पूरे मामले का जवाब देना होगा। दीपेंद्र हुड्डा ने यह भी कहा कि यदि NEET आंदोलन से जुड़े किसी छात्र या युवा को भाजपा से जुड़े लोगों या प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की धमकी मिल रही है तो वे @teamdeepender के माध्यम से संपर्क करें। कांग्रेस कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी और न्याय की इस लड़ाई में छात्रों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत को लेकर भाजपा सांसदों पर निशाना साधा

वहीं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री रहे धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत को लेकर भाजपा सांसदों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और उसके सांसद युवाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं।

सुरजेवाला ने सवाल किया कि यह स्वागत आखिर किस बात का है? क्या यह युवाओं को पीटने का सम्मान है? क्या यह पेलेट गन और कील लगी लाठियों से छात्रों पर कार्रवाई का सम्मान है? क्या यह पेपर लीक का सम्मान है? उन्होंने पूरे घटनाक्रम को शर्मनाक बताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m