कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: वोट चोरी के आरोप और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर कांग्रेस ने आज, 12 अक्टूबर को दिल्ली में जुटने का आह्वान किया है। पार्टी के हरियाणा के बड़े नेता कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचने की अपील कर रहे हैं। इस अभियान में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त समेत कई नेता सक्रिय हैं।

कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं, छात्रों और नागरिक संगठनों से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। पार्टी के आह्वान में निष्पक्ष चुनाव की मांग और कथित वोट चोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

हुड्डा और दीपेंद्र ने कार्यकर्ताओं से किया दिल्ली पहुंचने का आह्वान

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं से 12 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की। वहीं, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी वोट चोरी के खिलाफ और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर अधिक से अधिक साथियों से दिल्ली पहुंचने का आग्रह किया।

सैलजा ने छात्रों और नागरिक संगठनों से भी मांगा साथ

कुमारी सैलजा ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने छात्रों, नागरिक संगठनों और विपक्षी दलों से भी इस पहल में शामिल होने की अपील की।

संजय दत्त ने मदद के लिए जारी किया संदेश

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि वह दिल्ली में मौजूद हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिल्ली आने का आग्रह करते हुए यह भी कहा कि यदि किसी साथी को रास्ते में पुलिस की ओर से रोके जाने या किसी अन्य तरह की परेशानी का सामना करना पड़े, तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने मदद के लिए अपना फोन 24 घंटे चालू रहने की बात कही।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और बृजेंद्र सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिक से अधिक लोग अपनी आवाज उठाएं।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि हरियाणा से कांग्रेस के कितने कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचते हैं और आज के कार्यक्रम में पार्टी इन मुद्दों को किस तरह उठाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m