चंडीगढ़, 26 अगस्त। हरियाणा सरकार ने कपास किसानों को राहत देते हुए फसल की पैदावार बढ़ाने और कीटों से बचाव के लिए सूक्ष्म पोषक तत्व (Micronutrients) और एकीकृत कीट प्रबंधन (Integrated Pest Management) अपनाने पर वित्तीय अनुदान देने का फैसला किया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने इसकी जानकारी दी।

योजना के तहत कपास उत्पादक किसानों को कृषि सामग्री की खरीद पर 50 प्रतिशत या अधिकतम 2,000 रुपये प्रति एकड़, जो भी कम हो, सब्सिडी दी जाएगी। इसकी अधिकतम सीमा दो एकड़ निर्धारित की गई है। इस तरह पात्र किसान को कुल 4,000 रुपये तक का अनुदान मिल सकता है।

इन जगहों से खरीदनी होगी कृषि सामग्री

कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों को कृषि सामग्री चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार (HAU) की सिफारिशों के अनुसार ही खरीदनी होगी। सामग्री अर्धसरकारी संस्थानों, सहकारी समितियों या अधिकृत विक्रेताओं से खरीदी जा सकेगी।

सब्सिडी का लाभ लेने के लिए किसानों को खरीदारी के बाद प्राप्त बिल कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर अपलोड करने होंगे। विभाग ने बिल अपलोड करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 तय की है।

समय रहते आवेदन करने की अपील

श्याम सिंह राणा ने पात्र कपास किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते योजना का लाभ उठाएं। योजना से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल-फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने संबंधित जिले के उप-कृषि निदेशक कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य कपास की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ फसल को कीटों से होने वाले नुकसान से बचाना और किसानों की उत्पादन लागत को कम करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m