चंडीगढ़। हरियाणा में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस साल अब तक प्रदेश में 903 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 6 अगस्त तक डेंगू के सिर्फ 105 मामले सामने आए थे। इसके बाद करीब तीन महीने में 800 से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी और चेतावनी के बावजूद लोग जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। विभाग ने लोगों से मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार डेंगू के मामले कम हैं। पिछले साल 1 जनवरी से 5 नवंबर तक प्रदेश में डेंगू के 1,982 मामले सामने आए थे। इस बार अब तक यह संख्या पिछले साल के मुकाबले करीब आधी है।
पंचकूला में सबसे ज्यादा 106 मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल पंचकूला में डेंगू के सबसे ज्यादा 106 मामले सामने आए हैं। जिलेवार आंकड़े इस प्रकार हैं:
- पंचकूला: 106 मामले
- सोनीपत: 81 मामले
- करनाल: 77 मामले
- फरीदाबाद: 75 मामले
- गुरुग्राम: 75 मामले
- झज्जर: 62 मामले
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
हरियाणा के डीजी हेल्थ डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग लगातार जरूरी कदम उठा रहा है। लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी भी जारी की गई है।
उन्होंने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने और विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
इस साल डेंगू से किसी मरीज की मौत नहीं
डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच राहत की बात यह है कि इस साल प्रदेश में अब तक इस बीमारी से किसी मरीज की मौत का मामला सामने नहीं आया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

