डीजल के बढ़ते दामों के बीच हरियाणा सरकार ने किसानों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर खरीदने पर 5 लाख रुपये की भारी सब्सिडी देने का बड़ा फैसला किया है।

पंचकूला। जिले से किसानों के लिए एक बड़ी खबर आ रही है। डीजल के बढ़ते दामों से राहत देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। सरकार अब राज्य के किसानों को नया इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर खरीदने पर 5 लाख रुपये की बंपर सब्सिडी देगी।

कंपनियों से बातचीत

इस नई योजना को अमलीजामा पहनाकर फलीभूत करने के लिए हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कई इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर निर्माता कंपनियों के अधिकारियों के साथ बातचीत की है। सरकार चाहती है कि ये कंपनियां हरियाणा में ही अपने संयंत्र स्थापित करें।

टैक्स में मिलेगी छूट

राज्य में ही मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित होने से किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। इससे नया ट्रैक्टर और उससे जुड़े कृषि उपकरण खरीदते समय दूसरे राज्यों से लगने वाला भारी टैक्स नहीं देना होगा। स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने से यह उत्पाद काफी सस्ता पड़ेगा।

सफल रहा लाइव डेमो

योजना के अंतर्गत उद्योग मंत्री ने एक कंपनी के 45 हार्सपावर वाले इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर का लाइव डेमो भी देखा। इस परीक्षण के दौरान ई-ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत की जोताई की गई। ट्रैक्टर ने बिना किसी परेशानी के खेत में शानदार प्रदर्शन किया।

दूर हुआ बड़ा संशय

आमतौर पर किसानों में यह संशय रहता है कि इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर रोटावेटर या भारी ट्रॉली का लोड नहीं उठा पाएंगे। हालांकि, पंचकूला में हुए इस लाइव डेमो ने किसानों की इस चिंता को पूरी तरह दूर कर दिया। ट्रैक्टर भारी लोड को आसानी से खींचने में सक्षम रहा।

इतनी होगी कुल बचत

बाजार में 45 हार्सपावर वाले इस ई-ट्रैक्टर की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। सरकार कंपनियों से बातचीत कर इसकी कीमत 2 लाख रुपये कम कराने के प्रयास में जुटी है। इसके बाद 5 लाख की सरकारी सब्सिडी मिलने से किसानों को यह महज 8 लाख रुपये का पड़ेगा।