हरियाणा के हर जिले से प्रगतिशील किसानों को ‘एक्सपोजर विजिट’ पर भेजा जाएगा, जहां वे देश के विभिन्न राज्यों की उन्नत कृषि तकनीकों और सफल खेती मॉडलों का अध्ययन करेंगे।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के लिए बड़ी पहल की है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा (Shyam Singh Rana) ने बताया कि प्रदेश के हर जिले से प्रगतिशील किसानों को ‘एक्सपोजर विजिट’ यानी अध्ययन यात्रा पर भेजा जाएगा, ताकि वे देश के अलग-अलग राज्यों में अपनाई जा रही नई कृषि तकनीकों और आधुनिक खेती के मॉडल को करीब से समझ सकें।
कृषि मंत्री ने बताया कि किसान हितैषी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने बजट भाषण में इस योजना की घोषणा की थी और अब इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के तहत हरियाणा के किसानों को गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना जैसे राज्यों में भेजा जाएगा, जहां वे आधुनिक कृषि तकनीकों, जल संरक्षण, बागवानी और बीज उत्पादन की नई प्रणालियों का अध्ययन करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान गुजरात में सूक्ष्म सिंचाई तकनीक, महाराष्ट्र में अंगूर और अनार की उन्नत बागवानी तथा तेलंगाना में बीज उत्पादन के आधुनिक मॉडल को समझ सकेंगे। सरकार का मानना है कि अन्य राज्यों की सफल खेती पद्धतियों को देखकर हरियाणा के किसान भी अपनी मिट्टी और जलवायु के अनुसार नई फसलों और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस एक्सपोजर विजिट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा किसानों को सीधे बाजार से जोड़ना भी होगा। किसानों को यह सिखाया जाएगा कि वे बिचौलियों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी फसल की ग्रेडिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर सीधे बाजार और बड़े खरीदारों तक कैसे पहुंच सकते हैं। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ खेती को व्यवसाय के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
सरकार की योजना है कि अध्ययन यात्रा से लौटने वाले किसान अपने गांव और जिले में अन्य किसानों को भी नई तकनीकों की जानकारी दें और ‘मास्टर ट्रेनर’ की भूमिका निभाएं। कृषि मंत्री ने कहा कि आधुनिक खेती, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण से जुड़ी तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान हरियाणा के कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।

