हरियाणा डेस्क। हरियाणा सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर घोषित सरकारी अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। नई अधिसूचना के अनुसार अब राज्यभर में 28 मई, गुरुवार को राजपत्रित अवकाश रहेगा।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि हरियाणा सरकार के अधीन सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में 28 मई को अवकाश रहेगा।

इससे पहले बकरीद की छुट्टी 27 मई 2026 के लिए घोषित की गई थी, लेकिन त्योहार की संभावित तिथि को देखते हुए सरकार ने इसमें संशोधन किया है।

सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि 28 मई का अवकाश परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत भी मान्य होगा, जिसके चलते संबंधित संस्थानों में भी अवकाश लागू रहेगा।